सरकारी विज्ञापन
Fri. Oct 9th, 2026
Spread the love

हल्द्वानी में गोदाम से बागेश्वर निवासी युवक का शव बरामद, मौत को लेकर कई सवाल

हल्द्वानी, 12 अप्रैल 2025 –शहर के रामपुर रोड स्थित हरिपुर मोतिया क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निजी गोदाम से युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मनोज, निवासी बागेश्वर के रूप में हुई है, जो उक्त गोदाम में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था।

सुबह गोदाम मालिक मोहित गुप्ता को सूचना मिली कि परिसर में मनोज का शव पड़ा है। उन्होंने तुरंत टीपीनगर चौकी पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम स्वामी का कहना है कि संभवतः युवक की मृत्यु छत से गिरने के कारण हुई है। हालांकि, घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने इसे संदिग्ध मानते हुए गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही गोदाम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, जिससे यह स्पष्ट किया जा सके कि यह घटना दुर्घटना थी या किसी साजिश का हिस्सा।

इधर, मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना को पूरी तरह संदिग्ध बताते हुए विस्तृत जांच और सच्चाई उजागर करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि मनोज पूरी तरह स्वस्थ और मानसिक रूप से स्थिर था। ऐसे में उसकी अचानक मौत कई सवाल खड़े करती है।

फिलहाल पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है।


Spread the love