संकरी गुफा में फंसे युवक को दो घंटे की मशक्कत के बाद फायर यूनिट ने निकाला बाहर
संवाददाता सीमा खेतवाल
बागेश्वर, 20 अप्रैल 2025: शनिवार की शाम बागेश्वर जनपद में एक साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। सायं 7:36 बजे जिला कंट्रोल रूम (DCR) के माध्यम से फायर स्टेशन बागेश्वर को सूचना प्राप्त हुई कि इंटर कॉलेज हड़बाड़ के समीप एक गुफा में एक व्यक्ति फंसा हुआ है।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन इंचार्ज एलएफएम गणेश चंद्र के नेतृत्व में फायर रेस्क्यू यूनिट तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति संकरी और अंधेरी गुफा के भीतर लगभग 9 फीट अंदर फंसा हुआ था, जिसे बाहर निकालना अत्यंत जोखिम भरा कार्य था।
रेस्क्यू टीम ने ड्रैगन लाइट की रोशनी के सहारे संकरी गुफा में प्रवेश कर, दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उस व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तत्पश्चात उसे मौके पर मौजूद कोतवाली पुलिस बागेश्वर के सुपुर्द किया गया।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में फायर रेस्क्यू यूनिट, कोतवाली पुलिस, तथा स्थानीय नागरिकों का सराहनीय सहयोग रहा। सौभाग्यवश, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि अथवा अन्य क्षति नहीं हुई।
रेस्क्यू टीम में शामिल प्रमुख सदस्य:
एलएफएम त्रिलोक राम, चालक चंद्र प्रकाश, चालक रमेश बंगारी, एफएम प्रकाश राम, एफएम हिमांशु पाठक, एफएम नीरज सिंह, एफएम दीपक कुमार, एफडब्ल्यू कीर्ति, एफडब्ल्यू हिना, एफडब्ल्यू पूजा, एफडब्ल्यू लोकेश
