सरकारी विज्ञापन
Fri. Oct 9th, 2026
Spread the love

गुलाब घाटी और रानीबाग में जाम से जल्द मिलेगी राहत, सड़क चौड़ीकरण और मॉडल ब्रिज का निर्माण प्रस्तावित

हल्द्वानी से कैंची धाम तक पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन और एनएच विभाग तेजी से कदम उठा रहे हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा के निर्देश पर गुलाब घाटी और रानीबाग क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और सुधार कार्य की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में मंत्री अजय टम्टा ने वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर जाम की समस्या पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने एनएच, लोक निर्माण विभाग और राज्य प्रशासन को त्वरित समाधान हेतु कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी वंदना ने बैठक में रानीबाग, गुलाब घाटी में जाम की गंभीर समस्या का उल्लेख करते हुए सड़क सुधारीकरण और कलसिया नाले पर उच्च भार क्षमता वाले मॉडल ब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव रखा।

इसके बाद एनएच और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने रानीबाग से ज्योलीकोट तक क्षेत्र का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय के नेतृत्व में हुए इस सर्वेक्षण में कई अहम सुझाव सामने आए:

  • रानीबाग क्षेत्र में हल्द्वानी-नैनीताल पुल के आगे दोनों ओर लगभग 100 मीटर लंबाई में 3 मीटर चौड़ीकरण कर सड़क की मरम्मत की जाएगी।

  • भीमताल-भवाली मार्ग में 20-25 मीटर क्षेत्र में ड्रेनेज न होने की स्थिति में मलवा या रबर स्टैंड डालकर सड़क समतल की जाएगी।

  • गुलाब घाटी में गौला नदी के किनारे रिवर बैक सुरक्षा दीवार बनाकर सड़क चौड़ीकरण की योजना तैयार की जा रही है।

अधिशासी अभियंता एनएच प्रवीण कुमार ने बताया कि इन प्रस्तावों की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) शीघ्र तैयार की जाएगी। कलसिया में मॉडल ब्रिज के निर्माण हेतु सड़क परिवहन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निर्देश दिए गए हैं और प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इन प्रयासों से गुलाब घाटी और रानीबाग में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


Spread the love