Spread the love

हल्द्वानी-कालाढूंगी मार्ग पर काल का तांडव: बाइक टक्कर के बाद आग, दो की मौत

 

शुक्रवार देर शाम हल्द्वानी-कालाढूंगी मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक दर्दनाक हादसा हुआ। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि दोनों बाइकों के पेट्रोल टैंक फट गए, जिससे भीषण आग लग गई। इस हृदयविदारक घटना में दो लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद बाइकों में आग लग गई और सवार आग की लपटों में घिर गए। राहगीरों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दो लोगों की जान जा चुकी थी। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।

इस दौरान, मौके से गुजर रही एक तीसरी बाइक भी आग की चपेट में आ गई, जिससे उसका चालक झुलस गया। उसे तत्काल कालाढूंगी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फिलहाल मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार घायल नूर और सईदा (पति-पत्नी) रज़ा गेट, गोजाजली के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


Spread the love

You missed