Spread the love

भूस्खलन के चलते अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 रात्रि में वाहनों के लिए बंद


1 मई से 15 मई तक रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगा आवागमन पर प्रतिबंध

अल्मोड़ा, 3 मई 2025 – राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 87 (नया-109) के क्वारब पुल (किमी-56) के पास हिल साइड में लगातार हो रहे भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण यह क्षेत्र “भू-स्खलन संवेदनशील जोन” घोषित किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर रात्रि के समय वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग खंड (लो.नि.वि.) रानीखेत के अधिशासी अभियंता द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, भूस्खलन से प्रभावित हिस्से में लगातार मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं। मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए पोकलेन, जेसीबी और टिप्पर के माध्यम से हिल कटिंग और सोलिंग का कार्य किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल रात्रि के समय यहां से गुजरना जोखिम भरा है।

इस कारण आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34(ख) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 1 मई से 15 मई 2025 तक प्रतिदिन रात 11:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक इस मार्ग पर सभी हल्के व भारी वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित कर दी गई है।

प्रतिबंध से जुड़ी मुख्य जानकारी:

  • प्रभावित मार्ग: अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 (किमी-56)

  • प्रतिबंधित समय: रात 11:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक

  • प्रतिबंध अवधि: 1 मई से 15 मई 2025 तक

  • वैकल्पिक मार्ग:

    1. अल्मोड़ा–विश्वनाथ–शहरफाटक मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-13)

    2. खैरना–रानीखेत मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-14)

महत्वपूर्ण निर्देश:

  1. प्रतिबंधित समय में मार्ग का उल्लंघन अक्षम्य होगा और इस अवधि में दुर्घटना या वाहन संचालन की जिम्मेदारी संबंधित थाना/चौकी प्रभारी की होगी।

  2. एम्बुलेंस, क्रेन और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।

  3. किसी वाहन को आपातकालीन स्थिति में रात के समय मार्ग का उपयोग करना आवश्यक हो तो संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी या जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी से पूर्व अनुमति लेनी होगी।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं और यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।


Spread the love