Spread the love

कर्णप्रयाग-थराली मार्ग पर मलतुरा के पास हुआ हादसा, पुलिस व स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू

चमोली/कर्णप्रयाग, 5 जुलाई: ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात एक वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा कर्णप्रयाग से थराली की ओर जाते समय मलतुरा के पास हुआ। वाहन संख्या UK02TA1429 में केवल चालक सवार था, जिसे मामूली चोटें आई हैं।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू उपकरणों की मदद से स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

चालक की पहचान नवीन चंद्र पुत्र मोहन राम (उम्र 42 वर्ष), निवासी दुधिला, पोस्ट ऑफिस घेटा, थाना कौसानी, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। घायल को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में भर्ती कराया गया है।

थराली के उप-जिलाधिकारी पंकज भट्ट स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायल चालक का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि चालक को फिलहाल हल्की-फुल्की चोटें आई हैं और डॉक्टर को तत्काल उपचार के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस द्वारा घायल चालक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है। वाहन दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


Spread the love