फर्जी बाबाओं के खिलाफ नैनीताल पुलिस का ऑपरेशन ‘कालनेमि’ तेज, 24 चिन्हित, 9 पर कार्रवाई
नैनीताल, 13 जुलाई 2025 – प्रदेशभर में फर्जी बाबाओं और ढोंगियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत नैनीताल पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। अभियान के तहत जिले में अब तक 24 बाबाओं को चिन्हित किया गया है, जिनमें से 9 के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्यवाही की गई है। इन सभी को सख्त चेतावनी भी दी गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश में अंधविश्वास, ढोंग और धार्मिक आस्था के नाम पर ठगी करने वालों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन कालनेमि’ युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री प्रह्लाद नारायण मीणा ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में अभियान को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
दिनांक 13 जुलाई 2025 को जिलेभर के मंदिरों, आश्रमों और सार्वजनिक स्थलों पर सभी थाना और चौकी प्रभारियों द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, सत्यापन और दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
क्षेत्रवार कार्रवाई इस प्रकार रही:
-
काठगोदाम: 03 फर्जी बाबा चिन्हित, 01 के विरुद्ध कार्रवाई
-
मुखानी: 01 बाबा के विरुद्ध कार्रवाई
-
कालाढूंगी: 04 चिन्हित, 02 पर पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई
-
लालकुआं: 07 चिन्हित, 02 पर कार्रवाई
-
रामनगर: 10 चिन्हित, 03 पर पुलिस अधिनियम में चालानी कार्रवाई
पुलिस की सतर्कता और अपील:
पुलिस लगातार मंदिर परिसरों, डेरे, आश्रमों और अन्य धार्मिक स्थलों पर नजर बनाए हुए है, ताकि कानून एवं व्यवस्था बनी रहे और जनता ठगी का शिकार न हो।
जनपद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के धार्मिक आड़ में हो रही ठगी, शोषण या अंधविश्वास फैलाने वालों से सावधान रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
