इन्द्रानगर रेलवे फाटक के पास दर्दनाक हादसा: रानीखेत एक्सप्रेस की चपेट में दो युवक, एक की मौत, दूसरा गंभीर
हल्द्वानी। दिल्ली से काठगोदाम जा रही रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन ने मंगलवार तड़के दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इन्द्रानगर रेलवे फाटक के पास सुबह करीब 5 बजे उस समय हुआ, जब दोनों युवक रेलवे ट्रैक के किनारे चल रहे थे।
सूचना मिलने पर जीआरपी तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को हल्द्वानी रेलवे स्टेशन लाया गया, जहां से 108 एंबुलेंस के जरिए उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान 20 वर्षीय जीशान, पुत्र असफर खां, निवासी कांटा शनि बाजार रोड, इन्द्रानगर की मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक मोहसिन (25), पुत्र अमीर अहमद, निवासी उत्तर उजाला गंभीर रूप से घायल है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बरेली रेफर कर दिया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
