चमोली: प्रधान पद के प्रत्याशी राजेंद्र सिंह का आकस्मिक निधन, देवलग्वाड़ में चुनाव स्थगित
चमोली। विकासखंड थराली की देवलग्वाड़ ग्राम पंचायत से एक दुखद समाचार सामने आया है। ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी राजेंद्र सिंह (38 वर्ष) का शनिवार को अचानक निधन हो गया, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। इस अप्रत्याशित घटना के बाद निर्वाचन आयोग ने देवलग्वाड़ में प्रधान पद के लिए होने वाले पंचायत चुनाव को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेंद्र सिंह पुत्र नैन सिंह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। शनिवार को उनकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें थराली अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
राजेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। गांव में उन्हें एक समर्पित, मिलनसार और विकासशील सोच रखने वाले नागरिक के रूप में जाना जाता था। ग्रामीणों ने बताया कि वे पंचायत में बदलाव और जनहित के मुद्दों को लेकर हमेशा गंभीर रहते थे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही निर्वाचन अधिकारी अश्विनी गौतम ने त्वरित निर्णय लेते हुए देवलग्वाड़ ग्राम पंचायत में प्रधान पद का चुनाव स्थगित करने का आदेश जारी किया। हालांकि, पंचायत के अन्य पदों — क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य आदि — के लिए चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगी।
