चार विकासखंडों में पंचायत चुनाव का आगाज़, 312 बूथों पर मतदान शुरू
नैनीताल में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन का प्रथम चरण शांतिपूर्ण, मतदाता उत्साहित
नैनीताल, 24 जुलाई 2025। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद नैनीताल में गुरुवार सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आरंभ हो गई। इस चरण में जिले के चार विकासखंड – रामगढ़, धारी, बेतालघाट एवं ओखलकांडा को शामिल किया गया है, जहां कुल 312 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है।
सुबह से ही मतदाता विशेष उत्साह और जागरूकता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना सिंह ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और निर्बाध बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले ही पूरी कर ली गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड्स तथा माइक्रो ऑब्जर्वरों की तैनाती की गई है।
मतदान प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी न हो। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों पर मॉनीटरिंग टीमों के माध्यम से भी पर्यवेक्षण किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में मतदान दलों को समय से पहले पहुंचाया गया था, ताकि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदान एक नागरिक का महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार है, और इसका प्रयोग शांतिपूर्ण एवं सहयोगात्मक माहौल में किया जाना चाहिए। चुनाव प्रक्रिया के अगले चरणों में अन्य विकासखंडों में भी इसी प्रकार शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किए जाने की तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा की जा रही हैं।
