Spread the love

हल्द्वानी में शुक्रवार को इन इलाकों में सात घंटे की बिजली कटौती, 50 हजार से अधिक लोग होंगे प्रभावित

पेयजल संकट की भी आशंका, गौलापार क्षेत्र में ठप रहेंगे नलकूप

हल्द्वानी, 25 जुलाई 2025। शहर में शुक्रवार को भीषण गर्मी के बीच लोगों को लंबी बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। विद्युत वितरण खंड-शहर द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। यह कटौती रानीबाग, गौलापार, सुभाषनगर और कालाढूंगी रोड चौराहा स्थित बिजलीघरों से जुड़े इलाकों में की जाएगी, जिससे लगभग 15 हजार कनेक्शन और करीब 50 हजार से ज्यादा आबादी प्रभावित होगी।

विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार के अनुसार, रानीबाग और गौलापार ग्रिड से जुड़ी लाइनों में लॉपिंग-चॉपिंग (पेड़ों की छंटाई) का कार्य किया जाना है। विशेष रूप से नैनीताल रोड स्थित चौधरी भवन के पास एक विशालकाय पीपल के पेड़ को सुरक्षा कारणों से हटाया जाना है, जिसके पास से 33 केवी और 11 केवी की मुख्य लाइनें गुजरती हैं। इस दौरान इन लाइनों को पूरी तरह बंद रखा जाएगा।

बिजली कटौती से काठगोदाम थाना क्षेत्र, नई बस्ती, नरीमन तिराहा, रेलवे कॉलोनी, गायत्रीनगर, चांदमारी, आदर्श कॉलोनी, ब्यूरा, गौला बैराज, कुंवरपुर, देवला, इंदिरानगर तल्ला व मल्ला, सुल्ताननगरी, खेड़ा चौराहा, बागजाला, गोविंद ग्राम, नवाड़खेड़ा, किशनपुर, प्रतापपुर, जगतपुर, मदनपुर, रैक्वाल क्षेत्र, दौलतपुर, खोलियाबंगर, रतनपुर, झूठपुर, मानपुर, सुंदरपुर, आनंदबाग, कोतवाली, पटेल चौक, रामलीला मोहल्ला, स्टेशन रोड, किदवईनगर, नैनीताल रोड, वैशाली कॉलोनी, शांतिनगर, नया आवास विकास, संजय कॉलोनी, जजी कोर्ट, वैलेजली लॉज, नगर निगम क्षेत्र आदि प्रभावित रहेंगे।

बिजली आपूर्ति बाधित होने से गौलापार क्षेत्र के सभी नलकूप बंद रहेंगे, जिससे वहां की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो जाएगी। साथ ही पॉलीशीट, शीशमहल, गांधीनगर और वार्ड-10 जैसे इलाकों में भी पानी की भारी किल्लत की आशंका जताई गई है। सिंचाई योजनाएं भी प्रभावित होंगी।

शहरवासियों के अनुसार, पहले से ही उमस और गर्मी के चलते दिन मुश्किल हो रहे हैं, ऐसे में सात घंटे की बिजली कटौती और पानी की किल्लत जीवन को और कठिन बना सकती है। लोगों ने जल संस्थान और नगर निगम से वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने की मांग की है, ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।


Spread the love