हल्द्वानी: कबाड़ कार में मिला युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी, शिनाख्त के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
हल्द्वानी, 25 जुलाई 2025। शहर के ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में एक पुरानी, सुनसान पड़ी कार के अंदर संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दो दिनों की मशक्कत के बाद पुलिस को शव की शिनाख्त करने में सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अनिल कुमार (35 वर्ष) पुत्र परनीराम, निवासी ग्राम पोखरधार, पोस्ट शीतलाखेत, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है। अनिल बीते 10-12 वर्षों से ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में पल्लेदारी (लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य) कर जीवन यापन कर रहा था।
घटना 22 जुलाई की है, जब ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में पानी की टंकी के समीप खड़ी एक पुरानी कबाड़ कार से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार की जांच की तो अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ, जिसकी हालत देखकर शव करीब 24-48 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनिल पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था और संभवतः उसने विश्राम के लिए कार का सहारा लिया होगा। फिलहाल पुलिस ने किसी प्रकार की चोट या संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं पाए हैं, लेकिन मामले को लेकर जांच जारी है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद शुक्रवार को उसे परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक रूप से यह स्वाभाविक मौत प्रतीत हो रही है, हालांकि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
