वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु जिलाधिकारी की पहल, जनकल्याण समिति के साथ हुई समन्वय बैठक
गोल्डन कार्ड, सुरक्षा, स्वास्थ्य कैंप, अलग काउंटर और सम्मान समारोह जैसे मुद्दों पर लिए गए ठोस निर्णय, वरिष्ठ नागरिकों ने जताया आभार
हल्द्वानी : मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों एवं वरिष्ठ नागरिक परिषद उत्तराखंड के माननीय उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) श्री नवीन चंद्र वर्मा की पहल पर वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित की गई। बैठक में श्री वर्मा के साथ दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती शांति मेहरा, अपर जिलाधिकारी श्री विवेक राय, एसपी सिटी श्री प्रकाश चंद्र, नगर आयुक्त श्रीमती ऋचा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विश्वनाथ, लीड बैंक अधिकारी समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति हल्द्वानी के शिष्टमंडल में समिति अध्यक्ष श्री भुवन भास्कर पांडे, महामंत्री श्री डी.के. पांडे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री इंद्र सिंह निगल्टिया, संरक्षक श्री डी.के. बलूटिया, श्री पद्मादत्त पांडे, प्रो. शिवदत्त तिवारी, कर्नल बी.डी. कांडपाल, श्री एस.के. अग्रवाल समेत अनेक वरिष्ठ सदस्य शामिल रहे। समिति ने ज्ञापन संख्या 33/बनाजकस दिनांक 25.07.2025 के माध्यम से स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े मुद्दों पर बिंदुवार कार्रवाई का अनुरोध किया।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में गोल्डन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और वय वंदन योजना की सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी को वरिष्ठ नागरिक समिति, पेंशनर्स और निजी चिकित्सालयों के साथ बैठक कर समाधान निकालने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा के संदर्भ में एकल वृद्धजनों की सूची तैयार कर उनसे सतत संपर्क रखने, त्रैमासिक थाना दिवस में उनकी समस्याएं सुनने, प्रत्येक घर में हेल्पलाइन नंबर देने, तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए ADM प्रशासन, नगर आयुक्त और एसपी सिटी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यालयों, अस्पतालों, पोस्ट ऑफिस और बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर बनाने, गोवंश पकड़कर गोधाम भिजवाने, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने, और शहर में ओला-उबर जैसी सेवाओं की शुरुआत के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। यातायात जाम की समस्या, विशेषकर रानीबाग चुंगी से नरीमन चौराहे तक, के समाधान हेतु शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया।
सम्मान के बिंदु पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस भव्यता के साथ मनाया जाए, जिसमें समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। समिति द्वारा हिजड़ों द्वारा की जा रही अनावश्यक नेग की मांग का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने समाधान सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। साथ ही समिति के पत्रों के उत्तर समय पर न मिलने पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने सभी लंबित पत्रों का शीघ्र निस्तारण करने हेतु ADM प्रशासन को निर्देश दिए। बैठक के अंत में समिति अध्यक्ष श्री भुवन भास्कर पांडे ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए इस प्रकार के संवाद को नियमित करने का अनुरोध किया।
