पंचायत चुनाव 2025: निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना के लिए कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण
संवाददाता: सीमा खेतवाल

बागेश्वर। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 की मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को विकास भवन सभागार में मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई स्वयं मौजूद रहे और प्रशिक्षण कार्यक्रम की निगरानी की।
प्रशिक्षण सत्र में कुल 118 मतगणना पर्यवेक्षक और 472 मतगणना सहायक (रिजर्व सहित) शामिल हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी कार्मिकों को मतगणना कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें सभी कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य के दौरान संयम, सतर्कता और पूर्ण निष्पक्षता बनाए रखी जाए ताकि जनप्रतिनिधियों के चुनाव में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
मतगणना की व्यवस्थाओं के तहत बागेश्वर में 24 मतगणना टेबल, जबकि कपकोट और गरुड़ में 14-14 टेबलें लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक और चार मतगणना सहायक तैनात किए जाएंगे।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर राजीव जोशी ने मतगणना की पूरी प्रक्रिया का विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने मतपत्रों की छंटाई, वैध-अवैध मतों की पहचान, मतपेटी खोलने की प्रक्रिया, प्रत्याशीवार मतों का वर्गीकरण तथा मतपत्र लेखा प्रारूप के अनुसार मिलान की जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र में मतपेटी खोलने की एक डेमो प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई, जिससे कार्मिकों को व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी आर.सी. तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, मुख्य शिक्षा अधिकारी गजेन्द्र सिंह सोन, आरओ, एआरओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
