होटल में बैठकर चल रही थी नकल की फैक्ट्री
हल्द्वानी के होटल से गिरोह सरगना समेत 09 आरोपी गिरफ्तार, SSC परीक्षा में नकल कराने की बना रहे थे योजना
हल्द्वानी, 4 अगस्त 2025 — उत्तराखण्ड में नकलमुक्त परीक्षाओं के आयोजन और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “नकल विरोधी कानून” को प्रभावी बनाने के क्रम में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में एक सक्रिय नकल गिरोह का खुलासा किया गया है, जिसमें गिरोह के सरगना समेत 09 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई तब की गई जब हल्द्वानी शहर में नकल कराने वाले गिरोह की सक्रियता की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। एसपी सिटी श्री प्रकाश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी श्री नितिन लोहनी और कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने 3 अगस्त को टीपीनगर स्थित होटल जलविक के कमरे नंबर 103 में छापा मारकर गिरोह के 09 सदस्यों को नकल के उपकरणों सहित गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ थाना हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 270/2025 दर्ज की गई है। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
सुनील कुमार (गैंग लीडर), निवासी बामनोली, बागपत, यूपी – उम्र 30 वर्ष
परविंदर कुमार (गैंग लीडर), निवासी बड़ीत, बागपत (वर्तमान निवासी देहरादून) – उम्र 35 वर्ष
रमाकांत शर्मा उर्फ राहुल, निवासी अहमदगढ़, बुलंदशहर – उम्र 29 वर्ष
अभिषेक कुमार, निवासी शहादाबाद, हाथरस – उम्र 20 वर्ष
विशाल गिरी, निवासी मेरठ (वर्तमान निवासी हरिद्वार) – उम्र 29 वर्ष
आफताब खान, निवासी रतनपुरी, मुजफ्फरनगर – उम्र 42 वर्ष
अरुण कुमार, निवासी मीरापुर, मुजफ्फरनगर – उम्र 33 वर्ष
शिव सिंह, निवासी शहादाबाद, हाथरस – उम्र 32 वर्ष
जसवीर सिंह, निवासी रोहतक (मूल निवासी जींद, हरियाणा) – उम्र 38 वर्ष
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में पूर्व से परिचित हैं और सभी पर कर्ज था। इस कारण उन्होंने मिलकर नकल कराने के धंधे में उतरने की योजना बनाई। उनका मकसद कंप्यूटर लाइब्रेरी को लीज पर लेकर उसमें आयोजित ऑनलाइन परीक्षाओं में अभ्यर्थियों से लाखों रुपये वसूल कर उन्हें नकल के जरिए पास कराना था।
आरोपियों ने बताया कि दिसंबर 2024 में परविंदर और सुनील ने ज्ञानकोश डिजिटल लाइब्रेरी, मानपुर पश्चिम, हल्द्वानी को लीज पर लिया था। लाइब्रेरी में ऑनलाइन परीक्षा के दौरान रिमोट डेस्कटॉप एप्स (AnyDesk व AmyAdmin) के माध्यम से सॉल्वर की सहायता से परीक्षार्थियों को नकल कराई जाती थी। उनका अगला निशाना 6 अगस्त 2025 से शुरू हो रही एसएससी परीक्षा थी।
बरामदगी
पुलिस ने मौके से निम्न वस्तुएं बरामद की हैं:
2 लैपटॉप (LENOVO ThinkPad Ryzen Pro T495, HP Ryzen 3)
1 चार्जर
1 वाईफाई डोंगल
11 मोबाइल फोन
आपराधिक इतिहास
सुनील कुमार के खिलाफ मुजफ्फरनगर में धारा 419/420/467/468/471 में मुकदमा दर्ज है।
परविंदर कुमार और जसवीर सिंह के खिलाफ मेरठ के सिविल लाइंस थाने में धारा 419/420/468/471 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस टीम को सम्मानित किया गया
इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा ने पुलिस टीम को ₹2,500 की नगद धनराशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
