Spread the love

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) की कुंती फुलारा ने क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद के लिए ठोकी ताल

द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। मल्ली बिठौली (द्वाराहाट) की सामान्य सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनी गईं श्रीमती कुंती फुलारा ने क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद के लिए चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा की है।

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) से जुड़ी कुंती फुलारा ने कहा कि राष्ट्रीय दलों द्वारा चुनाव जीतने के लिए बाहुबल, धनबल और तरह-तरह की तिकड़मों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसके चलते अधिकांश पंचायतें भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के अड्डों में तब्दील हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों के खिलाफ ईमानदार जनप्रतिनिधियों और आम जनता को एकजुट होकर बदलाव लाने की जरूरत है, और इसी उद्देश्य से वे चुनाव में उतर रही हैं।

कुंती फुलारा ने भरोसा जताया कि जो प्रतिनिधि बाहुबल और धनबल के आगे नहीं झुके, वे इस चुनाव में उनका साथ देंगे। सफलता मिलने पर वे उपपा की ग्राम सरकार, क्षेत्र सरकार और जिला सरकार की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए राज्य की अस्मिता और जनसंघर्षों में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

गौरतलब है कि श्रीमती कुंती फुलारा, अल्मोड़ा ज़िले में उपपा के जिलाध्यक्ष महेश फुलारा की पत्नी हैं। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने उत्तराखंड की संघर्षशील और ईमानदार ताकतों से अपील की है कि वे कुंती फुलारा को विजयी बनाकर बड़े सामाजिक बदलाव में सहयोग दें।


Spread the love