Spread the love

कोटाबाग के पांडे गांव को मिला ‘आदर्श संस्कृत ग्राम’ का दर्जा, मुख्यमंत्री धामी ने किया वर्चुअल शुभारंभ

नैनीताल/कोटाबाग। विकासखंड कोटाबाग के पांडे गांव को प्रदेश के 13 आदर्श संस्कृत ग्रामों में शामिल किया गया है। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, भोगपुर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से इन ग्रामों का शुभारंभ किया। इस सूची में हर जनपद से एक ग्राम को चुना गया है, जिसमें नैनीताल जिले से पांडे गांव का चयन हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक नैनीताल सरिता आर्या और विशिष्ट अतिथि दर्जाधारी शांति मेहरा ने ग्रामीणों को बधाई दी और संस्कृत भाषा एवं सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में सहयोग का आह्वान किया। इस अवसर पर संस्कृत विद्यालय के छात्र, ग्रामीण जनता और विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार आने वाले समय में इन ग्रामों में संस्कृत भवनों का निर्माण कराएगी और प्राथमिक संस्कृत विद्यालयों की स्थापना भी करेगी। उन्होंने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड, देववाणी संस्कृत के अध्ययन और शोध का केंद्र रही है, और इसी विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए यह पहल की जा रही है। आदर्श संस्कृत ग्रामों में लोग अपने दैनिक जीवन में संस्कृत भाषा का प्रयोग करेंगे, जिससे यह पुनः बोलचाल, व्यवहार और संवाद का हिस्सा बन सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी चयनित ग्रामों से वर्चुअल संवाद किया। इस सूची में देहरादून का भोगपुर, टिहरी का मुखेम, उत्तरकाशी का कोटगाँव, रुद्रप्रयाग का बैंजी, चमोली का डिम्मर, पौड़ी का गोदा, पिथौरागढ़ का उर्ग, अल्मोड़ा का जैंती पाण्डेकोटा, बागेश्वर का शेरी, चम्पावत का खर्ककार्की, हरिद्वार का नूरपुर पंजनहेड़ी, नैनीताल का पांडे गांव और ऊधमसिंहनगर का नगला तराई शामिल हैं।

पांडे गांव में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या ने कहा कि इस उपलब्धि को सफल बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने संस्कृत विद्यालय हेतु भूमि चयन की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि भवन का निर्माण शीघ्र हो सके।

शांति मेहरा ने कहा कि संस्कृत हमारी सनातन संस्कृति की आत्मा है, और मुख्यमंत्री की इस पहल को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। संस्कृत अकादमी की ओर से आए राजेंद्र प्रसाद भट्ट, प्रधानाचार्य (दुर्गा दत्त कपिलाश्रमी संस्कृत विद्यालय, हल्द्वानी) ने बताया कि वर्तमान में ग्राम प्रशिक्षक के रूप में दीपक चंद पांडे की नियुक्ति की गई है, जो पंचायत भवन में संस्कृत पाठ्यक्रम का संचालन कर रहे हैं।

इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रभा पांडे, क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल पंत, जिला शिक्षा अधिकारी पी.आर. टम्टा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ग्राम प्रशिक्षक दीपक चंद पांडे ने किया।


Spread the love