16 साल बाद बदियाकोट में नन्दा देवी उपजात यात्रा, आठ दिनों तक रहेगा दैवीय माहौल
24 से 31 अगस्त तक माँ आदिबद्री धाम में होगा दिव्य आयोजन
बागेश्वर (संवाददाता सीमा खेतवाल)।
माँ भगवती जगदम्बा जी और दाणो देवताओं की पावन तपोभूमि माँ आदिबद्री धाम, बदियाकोट (दानपुर) में इस वर्ष श्री नन्दा देवी उपजात यात्रा 2025 (महाआठयो) का दिव्य एवं भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह ऐतिहासिक उत्सव 16 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद भाद्रपद शुक्ल पक्ष प्रतिपदा (24 अगस्त) से अष्टमी तिथि (31 अगस्त) तक आयोजित किया जाएगा। पूरे आठ दिनों तक यहाँ सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पौराणिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
माँ आदिबद्री धाम मंदिर कमेटी, ग्राम पंचायत बदियाकोट, कालो, बोरबलड़ा की जनता तथा दानूवंशज समाज ने सभी भक्तों, मेलार्थियों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे इस दैवीय महामहोत्सव में सम्मिलित होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें। आयोजन के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन, देवी शोभायात्रा और प्रसाद वितरण मुख्य आकर्षण रहेंगे। समिति का कहना है कि यह अवसर न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा बल्कि लोक संस्कृति और परंपराओं को निकट से अनुभव करने का भी सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।





