Spread the love

ज्योति हत्याकांड: अपराधियों की गिरफ्तारी न होने पर तीसरे दिन भी धरना जारी, पुलिस पर उठे सवाल

हल्द्वानी। बुद्ध पार्क में चल रहा ज्योति हत्याकांड के विरोध में धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि 19 दिन बीत जाने के बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी न होना पुलिस की नाकामी को दर्शाता है।

धरने में शामिल प्रवक्ताओं ने आरोप लगाया कि जिस तरह से पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है, उससे यह प्रतीत होता है कि कहीं न कहीं अपराधियों को किसी वीआईपी का संरक्षण प्राप्त है। वक्ताओं ने कहा कि यह हालात अंकित भंडारी हत्याकांड की याद दिला रहे हैं, जिसमें भी वीआईपी दबाव की बातें सामने आई थीं।

महिला कार्यकर्ताओं कविता जीना और हेमा कबड़वाल ने कहा कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचार अब असहनीय हो चुके हैं। यदि पुलिस-प्रशासन आरोपियों की गिरफ्तारी में नाकाम रहता है, तो एसएसपी को बर्खास्त कर देना चाहिए।

जिला महामंत्री राजेन्द्र कांडपाल ने कहा कि सवाल यह है कि आखिर 19 दिन बाद भी पुलिस अपराधियों को पकड़ने में क्यों असफल है? क्या पुलिस किसी वीआईपी को बचाना चाहती है? उन्होंने जनता से अपील की कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए धरने को व्यापक समर्थन दें।

विजय भंडारी ने कहा कि पुलिस की नकारात्मक कार्यशैली बेहद शर्मनाक है और यह शांत प्रदेश में आक्रोश का माहौल पैदा कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

धरने में नगर अध्यक्ष फौजी भुवन पाण्डेय, जिला महामंत्री फौजी राजेन्द्र कांडपाल, फौजी कमलेश जेठी, आयेन्द्र शर्मा, युवा नगर अध्यक्ष विनोद नेगी, कविता जीना, दीप चन्द्र पांडे, कमल पंत, तारा दत्त पांडे, सूरज कुमार, बलवंत सिंह, धरम राम, कमलेश सिंह, नानक चंद, रवीन्द्र, दीपक सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।


Spread the love