लालकुआं में महिला की संदिग्ध मौत, बेटी पर टूटा दुखों का पहाड़
लालकुआं। नगर के वार्ड नंबर तीन जवाहर नगर में सोमवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर वार्ड-3 निवासी 45 वर्षीय सुधा देवी का शव घर के भीतर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। जैसे ही मृतका की बेटी ने मां को इस हालत में देखा तो उसके होश उड़ गए और घर में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुधा देवी के पति और बेटे की पहले ही मौत हो चुकी थी। इसी कारण वह लंबे समय से अवसादग्रस्त रहती थीं और अपनी बेटी के साथ अकेले ही निवास कर रही थीं। अब अचानक मां की मौत से युवती पूरी तरह अकेली हो गई है।
घटना से पूरे इलाके में गमगीन माहौल है और लोग बेटी की हालत देख भावुक हो रहे हैं।
