बेतालघाट पुलिस को बड़ी सफलता। मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू समेत 3 गिरफ्तार
फायरिंग के फरार आरोपी यूपी से गिरफ्तार, अब तक कुल 9 आरोपी सलाखों के पीछे
नैनीताल। बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल व 3 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
घटना 14 अगस्त 2025 की है, जब ब्लॉक बेतालघाट में मतदान के दौरान एक प्रत्याशी के समर्थकों ने प्रतिद्वंदी समर्थकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना बेतालघाट में मुकदमा दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष अनीश अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश दी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद ली। इसके बाद 20 अगस्त 2025 को जिला लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) के भीरा कस्बे में पंजाब मेडिकल स्टोर के पास घेराबंदी कर अमृतपाल उर्फ पन्नू, गुरमीत सिंह उर्फ पारस और प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर को दबोच लिया गया।
पुलिस टीम ने संदिग्ध थार (UK18U-5002) का पीछा किया। मौके पर गुरमीत मेडिकल स्टोर में दवा लेने उतरा, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
-
अमृतपाल उर्फ पन्नू (30 वर्ष), निवासी ग्राम रोशनपुर, गूलरभोज – मुख्य आरोपी
-
गुरमीत सिंह उर्फ पारस (28 वर्ष), निवासी ग्राम बेरिया दौलत, केलाखेड़ा
-
प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर (32 वर्ष), निवासी मुंडिया कला, बाजपुर (वर्तमान पता: पिरूमदारा)
बरामदगी:
-
01 देशी पिस्टल 32 बोर मय 03 जिंदा कारतूस (घटना में प्रयुक्त)
-
थार वाहन (UK18U-5002)
आपराधिक इतिहास:
मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू पर कोतवाली रामनगर में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है। वहीं, प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर पर थाना रामनगर में मारपीट और धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में 14 अगस्त को ही 6 आरोपी गिरफ्तार कर 2 वाहन सीज किए जा चुके हैं।
