Spread the love

कोटाबाग बागजाला में नहर की सफाई के दौरान हादसा, दो मजदूर गंभीर घायल

कोटाबाग (नैनीताल)। शनिवार सुबह बागजाला क्षेत्र में सिंचाई नहर की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक सड़क की पिचिंग टूटकर नहर में गिर गई, जिसकी चपेट में चार मजदूर आ गए। इनमें से दो मजदूर तो समय रहते निकल गए, जबकि दो युवक मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना ग्राम गौतियां में अपरकोटा बागजाला नहर पर हुई। यहां नहर से मलबा निकालने का कार्य मजदूर बालम सिंह निवासी नाथूजाला कोटाबाग, अरुण सिंह निवासी दौलतपुर बाजपुर, विशेष (18) पुत्र गुमान सिंह निवासी बन्नाखेड़ा और गौरव सिंह (18) पुत्र फूल सिंह निवासी बन्नाखेड़ा कर रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे देवीपुरा–सौड़ मोटर मार्ग की पिचिंग अचानक टूटकर नहर में जा गिरी और चारों मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में बालम सिंह और अरुण सिंह तुरंत बाहर निकल आए, लेकिन विशेष और गौरव मलबे में दब गए। इस बीच बालम सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए अपने साथी गौरव को मिट्टी हटाकर बाहर निकालने का प्रयास किया और आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में ग्रामीण मौके पर जुट गए और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला गया।

घायल मजदूरों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटाबाग पहुंचाया गया, जहां डॉ. अंजली कनक ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

सिंचाई विभाग के एसडीओ कैलाश सिंह रजवार ने बताया कि हादसे के समय नहर की सफाई का कार्य चल रहा था। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की।


Spread the love