बागेश्वर में आयोजित हुआ उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम
BIS Care App की जानकारी देकर लोगों को बनाया गया जागरूक उपभोक्ता
संवाददाता सीमा खेतवाल।
बागेश्वर। जिम कॉर्बेट इंटरनेशनल स्कूल, बागेश्वर में आज 25 अगस्त 2025 को भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून शाखा के निर्देशों के क्रम में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ, प्रधानाचार्य, अभिभावक और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को BIS Care App की जानकारी दी गई। इस ऐप को उनके मोबाइल फोन में डाउनलोड भी कराया गया। इस ऐप की मदद से उपभोक्ता ISI मार्क, हॉलमार्क और R मार्क वाले उत्पादों की प्रामाणिकता जांच सकते हैं और शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं।
विशेषज्ञों ने बताया कि भारत सरकार के नियमों के अनुसार 450 से अधिक उत्पाद ऐसे हैं जिनके निर्माण या विक्रय के लिए BIS मानक चिन्ह आवश्यक है। उपभोक्ता इन उत्पादों का प्रमाणीकरण CML नंबर, HUID नंबर और CRS नंबर से कर सकते हैं।
सभी उपस्थित लोगों को जागरूक उपभोक्ता बनने का आह्वान किया गया। उन्हें बताया गया कि खरीदारी के समय रसीद अवश्य लें, क्योंकि रसीद शिकायत निवारण की प्रक्रिया में मददगार होती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने इस जानकारी को अत्यंत उपयोगी बताया और आश्वासन दिया कि वे अपने दैनिक जीवन में BIS Care App का उपयोग कर जागरूक उपभोक्ता की भूमिका निभाएँगे।
इस मौके पर प्रधानाचार्य पूरन चन्द्र कपिल, मनीषा शर्मा, वर्षा भंडारी, नेहा नगरकोटी, नेहा जोशी, विनीता जोशी, कल्पना चौधरी, विद्या, पूजा भट्ट, मंजू पांडे समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दीप चंद्र जोशी ने संसाधन व्यक्ति के रूप में भाग लिया और BIS Care App की विस्तृत जानकारी साझा की।
