Spread the love

सुशीला तिवारी अस्पताल के उपनलकर्मियों के आंदोलन को पछास का समर्थन

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) हल्द्वानी के उपनलकर्मी पिछले कई दिनों से वेतन भुगतान और पद सृजन की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। आंदोलन को मजबूती देने के लिए परिवर्तनकामी छात्र संगठन (पछास) हल्द्वानी ने समर्थन पत्र जारी कर कर्मचारियों के आंदोलन में भागीदारी दर्ज की।

इस मौके पर पछास से जुड़े महेश ने कहा कि हम उपनलकर्मियों की छह माह से लंबित वेतन भुगतान और नियमित पद सृजन की मांग का पूर्ण समर्थन करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि संघर्ष जारी रखने से निश्चित ही सफलता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार का यह रुख हैरान करने वाला है कि छह माह से कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया और अब उन्हें पदहीन बताकर 659 उपनलकर्मियों को बाहर करने की साजिश की जा रही है। हल्द्वानी जैसे महंगे शहर में बिना वेतन गुज़ारा करना बेहद कठिन है। किराए का मकान, राशन, बच्चों की पढ़ाई और इलाज सबकुछ प्रभावित हो रहा है। इससे साफ है कि सरकार आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह दूर हो चुकी है।

महेश ने कहा कि सुशीला तिवारी अस्पताल कुमाऊं का प्रमुख सरकारी अस्पताल है। यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन कर्मचारियों को वेतन न देना और पदों को समाप्त करने की बातें करना बेहद चिंताजनक है।

पछास ने सरकार से दो प्रमुख मांगें रखीं:

  1. सुशीला तिवारी अस्पताल के सभी उपनलकर्मियों का छह माह से लंबित वेतन तत्काल जारी किया जाए।

  2. पदों का सृजन कर सभी उपनलकर्मियों को नियमित नियुक्ति दी जाए।


Spread the love