धारचूला: महिला प्रधान ने यूपीसीएल के ईई पर अभद्रता का लगाया आरोप, कार्यालय में हुआ प्रदर्शन
धारचूला। धारचूला क्षेत्र की महिला प्रधान नर्मदा रावल ने उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) के अधिशासी अभियंता (EE) पर अभद्रता का आरोप लगाया है। आरोप लगते ही ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उनके समर्थन में यूपीसीएल कार्यालय पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि जनप्रतिनिधियों का ही सम्मान नहीं होगा, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे संभव होगा।
प्रधान नर्मदा रावल का कहना है कि वह ग्रामीणों के साथ अपने क्षेत्र की बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर ईई से मिलने पहुंची थीं। इस दौरान ईई ने न केवल समस्याएं सुनने से इनकार कर दिया, बल्कि उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया।
प्रधान के समर्थन में मौजूद लोगों ने ईई के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि अधिकारी का रवैया अस्वीकार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शनकारियों ने यह भी बताया कि पुलिस को तहरीर देने की तैयारी की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें राथी के प्रधान हरीश धामी, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र बिष्ट, विशन सिंह, धन सिंह, विजय सिंह फिरमाल, नरेंद्र सिंह, देव सिंह, हरीश सिंह, नवीन थलाल, तुलसी देवी, लीला देवी, भागीरथी देवी, मुन्नी देवी, नीलम वर्मा, मनीष रावल, लक्ष्मण कुंवर, हरीश बिष्ट, गोविंद बिष्ट आदि शामिल रहे।
