परीक्षा दिलाने जा रही मां की सड़क हादसे में मौत, बेटी बाल-बाल बची
हल्द्वानी। बेटी को रेलवे की परीक्षा दिलाने के लिए हल्द्वानी आ रही एक महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बेलबाबा क्षेत्र में उस समय हुआ जब स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप निवासी 51 वर्षीय गीता सिंह पत्नी रंजीत बहादुर बुधवार को अपनी बेटी हर्षिता के साथ स्कूटी से हल्द्वानी आ रही थीं। हर्षिता की रेलवे परीक्षा गौलापार स्थित विवेकानंद कॉलेज में थी। स्कूटी हर्षिता चला रही थी।
बेलबाबा के पास पहुंचते ही अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में मां-बेटी दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को एसटीएच हल्द्वानी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गीता सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं हर्षिता को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अचानक हुए इस हादसे से पूरे परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर है।
