Spread the love

काशीपुर में मंदिर भूमि पर बनी अवैध मजार ध्वस्त, प्रशासन की कार्रवाई

उधम सिंह नगर। काशीपुर तहसील क्षेत्र में राजस्व अभिलेखों में मंदिर भूमि दर्ज स्थान पर बनी अवैध धार्मिक संरचना को प्रशासन ने शुक्रवार तड़के ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही।

ग्राम कचनाल गुसाईं में स्थित इस अवैध निर्माण को लेकर तहसील प्रशासन ने 27 अगस्त 2025 को शिकायत के आधार पर नोटिस जारी किया था। संचालक से भूमि व निर्माण से जुड़े दस्तावेज पेश करने को कहा गया था। निर्धारित 15 दिन की अवधि बीत जाने के बाद भी कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

प्रशासन ने कई बार मौके का निरीक्षण किया, लेकिन कोई पक्षकार दस्तावेज या जानकारी देने के लिए सामने नहीं आया। स्थानीय निवासियों का कहना था कि इस स्थान पर पहले ग्राम देवता का मंदिर था, जिसे बाद में अवैध रूप से मजार के रूप में रूपांतरित कर दिया गया।

काशीपुर नगर निगम के मेयर दीपक बाली ने भी इस मामले का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को अवगत कराया था और जनता की भावनाओं की ओर ध्यान आकर्षित किया था।

शुक्रवार तड़के एसडीएम अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध संरचना को बुलडोजर से ध्वस्त किया। इसके बाद मलबा सम्मानपूर्वक हटा दिया गया।

अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि यह धार्मिक संरचना राजस्व अभिलेखों के अनुसार मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित की गई थी। नियमानुसार कार्रवाई कर इसे हटाया गया है। इस दौरान किसी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया।


Spread the love