सरकारी विज्ञापन
Sat. Oct 10th, 2026
Oplus_16908288
Spread the love

ऑटो लाइन इंडस्ट्रीज लिमिटेड में मैनेजमेंट की “बुद्धि-शुद्धि” के लिए कर्मचारियों ने किया हवन, वेतन वृद्धि और बहाली की माँग

रुद्रपुर। ऑटो लाइन इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कर्मचारियों ने रविवार को कंपनी प्रबंधन के खिलाफ गांधी मैदान, रुद्रपुर में प्रदर्शन करते हुए “बुद्धि-शुद्धि यज्ञ” किया। यूनियन के सदस्यों ने प्रबंधन पर मजदूरों की अनदेखी और शोषण के गंभीर आरोप लगाए।

इस दौरान ऑटो लाइन एम्पलाइज यूनियन के सदस्यों ने जोरदार नारेबाजी की और कंपनी प्रबंधन से जल्द से जल्द उनकी माँगों पर वार्ता शुरू करने की माँग की। यूनियन की प्रमुख माँगों में वेतन वृद्धि, निलंबित कर्मचारियों की बहाली, और लंबित माँग पत्र पर सकारात्मक कार्यवाही शामिल हैं।

यूनियन के महामंत्री प्रकाश मेहरा ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन जानबूझकर मजदूरों को परेशान कर रहा है ताकि वे स्वयं नौकरी छोड़ने को मजबूर हो जाएँ। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की यह “मनशा” कभी पूरी नहीं होगी और मजदूर अपने हक की लड़ाई मजबूती से लड़ते रहेंगे।

मेहरा ने आगे बताया कि कंपनी द्वारा श्रम कानूनों की खुलेआम धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं। यहाँ तक कि मामला लेबर कोर्ट में लंबित होने के बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है, और न ही प्रबंधन ने माँग पत्र पर वार्ता शुरू की है।

गांधी मैदान में हुए इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया और प्रबंधन के खिलाफ एकजुटता दिखाते हुए कहा कि जब तक माँगे नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


Spread the love