जिला प्रशासन आपदा प्रभावित पौंसारी गांव में हालात सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर चल रहा कार्य
मुख्य विकास अधिकारी आर. सी. तिवारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश
✍️ संवाददाता: सीमा खेतवाल

आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्री आर. सी. तिवारी ने सोमवार को कपकोट विकासखंड के पौंसारी गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में हुई क्षति का जायजा लिया और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत सीडीओ श्री तिवारी ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैसानी में आयोजित बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा की। बैठक में विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, मुख्य कृषि अधिकारी, मत्स्य विभाग, खंड विकास अधिकारी कपकोट एवं लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
सीडीओ ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि आपदा से हुई क्षति का विस्तृत आकलन (Estimate) एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत किया जाए, ताकि राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों को शीघ्र अमल में लाया जा सके।
उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। विशेष रूप से पेयजल संकट को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने जल संस्थान को निर्देश दिया कि आगामी तीन दिनों में सभी प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू किया जाए।
सीडीओ ने आपदा में क्षतिग्रस्त कृषि भूमि और मत्स्य तालाबों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर तत्काल क्रियान्वयन के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाई जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिला प्रशासन आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हालात सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक त्वरित सहायता पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
