Spread the love

वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान – बागेश्वर पुलिस का विशेष अभियान

संवाददाता – सीमा खेतवाल

बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा “मित्रता, सेवा और सुरक्षा” के संकल्प के साथ वरिष्ठ नागरिकों, विशेषकर एकल निवासरत बुजुर्गों की कुशलक्षेम जानने और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार 16 सितंबर 2025 को थाना झिरौली पुलिस ने ग्राम औखली सिरौद, ग्राम रेखौली और ग्राम सिया में जाकर वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। वहीं, कोतवाली कौसानी पुलिस ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के घर-घर जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछी और समस्याओं को जानकर निस्तारण हेतु कार्यवाही की।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बुजुर्गों और आमजनमानस को यातायात नियमों, नशे के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों, बाल अपराध, महिला अपराध और सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक किया। साथ ही उत्तराखंड पुलिस एप, गौरा शक्ति एप और सीएम हेल्पलाइन जैसी सेवाओं की जानकारी दी गई। हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए लोगों से अपील की गई कि वे अपने परिजनों और ग्रामवासियों को भी इस संबंध में जागरूक करें और पुलिस कार्यों में सहयोग करें।

पुलिस टीम ने विशेष रूप से बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क किया। उन्हें बताया गया कि साइबर क्राइम केवल पैसों की हानि ही नहीं करता, बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

इसके अलावा पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 112 और मोबाइल नंबर 9411112983 की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि किसी भी आपात स्थिति में वे निसंकोच पुलिस से संपर्क करें। पुलिस सदैव उनकी सेवा व सुरक्षा के लिए तत्पर है।


Spread the love

You missed