UKSSSC परीक्षा घोटाला: नकल माफिया हाकम सिंह और सहयोगी गिरफ्तार, लाखों की मांग का खुलासा
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ ने सख्त नकल विरोधी कानून के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नकल माफिया हाकम सिंह और उसके सहयोगी पंकज गौड़ को गिरफ्तार किया है। दोनों पर अभ्यर्थियों को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा में सफलता दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की मांग करने का आरोप है।
एसटीएफ और देहरादून पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्तियों द्वारा परीक्षार्थियों से संपर्क कर परीक्षा पास कराने के बदले भारी रकम मांगी जा रही है। जांच में सामने आया कि पंकज गौड़, हाकम सिंह के सीधे संपर्क में था और अभ्यर्थियों से 12 से 15 लाख रुपये तक की मांग कर रहा था। योजना यह थी कि चयन हो जाने पर आरोपी पूरी रकम हड़प लेते और असफलता की स्थिति में भविष्य की परीक्षाओं में “एडजस्टमेंट” का झांसा देकर उम्मीदवारों को ठगते रहते।
सूचना के आधार पर पटेलनगर क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को इनके खिलाफ ठोस सबूत और बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मिली है।
एसटीएफ एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा नकल विरोधी कानून लागू किए जाने के बाद से हर प्रतियोगी परीक्षा पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा,
“दो दिन पहले सूचना मिली थी कि कुछ अभ्यर्थियों से पैसे के बदले पास कराने का वादा किया जा रहा है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कुल छह छात्रों से संपर्क कर उनसे 12-15 लाख रुपये की मांग की गई। सबूत जुटाने के बाद हाकम सिंह और पंकज गौड़ को गिरफ्तार किया गया।”
भुल्लर ने यह भी बताया कि STF अब उन सभी व्यक्तियों के ठिकानों की जांच कर रही है जो पहले भी नकल कांड में शामिल रहे या जेल जा चुके हैं। कई जिलों में पूछताछ जारी है।
देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि नकल-रोधी कानून लागू होने के बाद खुफिया इकाइयां, STF और साइबर पुलिस मिलकर काम कर रही हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में कड़ी जांच होगी। किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।नकल फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने कहा,“हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि अभ्यर्थी नकल माफिया से बेफिक्र होकर परीक्षा दे सकें। कानून इतना सख्त है कि न केवल धोखाधड़ी करने वालों पर, बल्कि परीक्षा कार्यक्रम को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।”
गौरतलब है कि हाकम सिंह का नाम पहले भी उत्तराखंड में बड़े नकल कांडों से जुड़ चुका है। इस बार भी STF ने समय रहते कार्रवाई कर अभ्यर्थियों को ठगी से बचाया। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
