नामी यू-ट्यूबर सौरभ जोशी को मिली रंगदारी की धमकी
‘भाऊ गैंग’ का नाम लेते हुए 5 करोड़ रुपये की डिमांड, पुलिस जांच में जुटी
हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित ओलिविया कॉलोनी में रहने वाले देश के नामी यू-ट्यूबर और व्लॉगर सौरभ जोशी को अज्ञात बदमाशों ने रंगदारी मांगने की धमकी दी है। इस सनसनीखेज मामले से शहर में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, सौरभ जोशी ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्हें 15 सितंबर को जीमेल पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। मेल भेजने वाले ने खुद को कुख्यात ‘भाऊ गैंग’ से जुड़ा बताया और गैंग के सरगना को ‘छोटा डॉन’ नाम से मशहूर बताया, जो दिल्ली में सक्रिय है।
आरोप है कि मेल में सौरभ जोशी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। साथ ही रकम न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से मेल भेजने वाले का पता लगाया जा रहा है।
