“स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 580 लाभार्थियों को मिला लाभ
संवाददाता: सीमा खेतवाल

बागेश्वर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों — रंगदेव, ढोलगांव, धारीडोबा, खातीगाव, सानिउडियार एवं आम कर्मीभनार — में आज “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।
इन शिविरों में कुल 580 लाभार्थियों ने विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, शिशुओं का टीकाकरण, एचबी, ब्लड शुगर, बीपी, ऑक्सीजन लेवल, हीमोग्लोबिन, टीबी, कुष्ठ सहित अन्य रोगों की जांच की गई।

इसके साथ ही नि:शुल्क दवा वितरण एवं एएनसी रजिस्ट्रेशन भी किया गया। शिविर में आए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया और नियमित जांच एवं समय पर इलाज के महत्व को विस्तार से समझाया गया।
इस अवसर पर सुनीता कोहली, पूजा देवी सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं समाजसेवी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अपना उत्साह दिखाया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने जानकारी दी कि 23 सितम्बर 2025 को भी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
