सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी की अध्यक्षता में जांच आयोग की काठगोदाम में जनसुनवाई
हल्द्वानी, 03 अक्टूबर 2025। माननीय न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्री यू.सी. ध्यानी की अध्यक्षता में गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग ने शुक्रवार को सर्किट हाउस, काठगोदाम, हल्द्वानी में एक महत्वपूर्ण जनसुनवाई एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
आयोग के अध्यक्ष श्री ध्यानी ने जनसुनवाई के दौरान यह स्पष्ट किया कि जांच का कार्य पूर्ण रूप से निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित होगा। उन्होंने बताया कि आयोग विभिन्न जिलों का दौरा कर जनता के सुझावों और समस्याओं को सुन रहा है, ताकि अंतिम रिपोर्ट संतुलित और निष्पक्ष तरीके से तैयार की जा सके।
जनसुनवाई में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं, नागरिकों, परीक्षा से जुड़े केंद्र व्यवस्थापकों और केंद्र प्रभारियों ने अपने विचार और सुझाव आयोग के समक्ष रखे। उपस्थित छात्रों ने प्रमुख रूप से यह मांग की कि परीक्षाओं की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए और इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भविष्य में होने वाली परीक्षाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, निष्पक्ष माहौल और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए।
आयोग के सचिव विक्रम सिंह राणा ने जानकारी दी कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों और सुझावों का संज्ञान लिया जाएगा और एक विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने आयोग को जानकारी दी कि गत 21 सितंबर को आयोजित परीक्षा के लिए जनपद में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। उन्होंने बताया कि इन सभी केंद्रों पर आवश्यक सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी आयोग को उपलब्ध करा दी गई है।
कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी राहुल शाह, पूर्व में संपन्न परीक्षा केंद्रों के केंद्र प्रभारी, व्यवस्थापक, संबंधित अधिकारी, छात्र-छात्राएं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
