Spread the love

नैनीताल में 15 वर्षीय नाबालिग ने दिया बच्चे को जन्म, पुलिस जांच में जुटी

नैनीताल। शहर में एक 15 वर्षीय नाबालिग के बच्चे को जन्म देने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। यह मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत केस दर्ज करने के लिए पीड़िता के परिजनों की तहरीर का इंतजार कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मल्लीताल क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग को शनिवार तड़के करीब पांच बजे अचानक पेट में तेज दर्द हुआ। परिजनों ने इसे सामान्य गैस का दर्द समझकर बीडी पांडेय अस्पताल पहुंचाया।
जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि नाबालिग गर्भवती है और उसे प्रसव पीड़ा हो रही है। तत्पश्चात उसे तुरंत प्रसूति वार्ड में भर्ती किया गया, जहां कुछ देर बाद उसने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया।

डॉक्टरों के अनुसार, नाबालिग पिछले नौ माह से गर्भवती थी। हालांकि, परिजनों को इसकी जानकारी नहीं थी। अस्पताल में भर्ती होने के बाद ही उन्हें पूरी सच्चाई का पता चला।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी हेम पंत, एसआई आशा बिष्ट और पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। उन्होंने चिकित्सकों से मामले की जानकारी ली और पीड़िता के परिवार से बातचीत की।
पुलिस अब बच्चे के पिता की पहचान करने के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग के परिजनों की तहरीर मिलने पर संबंधित आरोपित के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि नाबालिग के पिता एक होटल में कार्यरत हैं, जबकि मां घरों में घरेलू काम करती है। पारिवारिक परिस्थितियाँ कमजोर होने के कारण परिवार को लंबे समय तक लड़की की स्थिति का अंदाजा नहीं लग सका।


Spread the love