नैनीताल, 5 अक्टूबर 2025। माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों के अनुसार और प्रभारी अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल / प्रथम अपर जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार की अध्यक्षता में रविवार को नैनीताल में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ एक महत्वपूर्ण विधिक साक्षरता एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली का आयोजन सिविल जज (सी०डि०) / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल, सुश्री पारुल थपलियाल द्वारा किया गया। प्रथम अपर जिला न्यायाधीश संजीव कुमार ने नैनीताल जिला मुख्यालय के दीवानी न्यायालय परिसर (सिविल कोर्ट कैंपस) से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली का शुभारंभ किया।

इस जागरूकता रैली में परिवार न्यायालय के सुधीर तोमर, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि रंजन, सीनियर सिविल जज हर्ष यादव, सिविल जज जूनियर डिवीजन उर्वशी रावत, प्रथम अपर सिविल जज रुचिका गोयल, द्वितीय सिविल जज स्नेहा नारंग सहित कई न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी विवेक राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र ने भी भागीदारी की। लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ सोहन तिवारी, डिप्टी चीफ हेमा शर्मा, असिस्टेंट प्रीत भट्ट, और फ्रंट ऑफिस रिटेनर तारा आर्य व यशवंत कुमार, अंबिका भी उपस्थित रहे।

रैली में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, राष्ट्रीय शहीद सैनिक स्मारक विद्यापीठ, अटल उत्कृष्ट आदर्श राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चेतराम शाह ठुलघरिया इंटर कॉलेज, मोहनलाल शाह बालिका विद्या मंदिर और विशप शाह तल्लीताल के अध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जागरूकता रैली सिविल कोर्ट कैंपस से शुरू होकर माल रोड होते हुए चेतराम शाह ठुलघरिया इंटर कॉलेज के सभागार में समाप्त हुई।

इसके उपरांत, सभागार में वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ और नशीली दवाओं के संदर्भ में विस्तारपूर्वक विधिक जानकारी दी तथा समाज से नशे को दूर करने के उपायों पर मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंत में, विधिक कार्यों में पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विद्यालयों और अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।