Spread the love

उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट: पहाड़ से मैदान तक बारिश-बर्फबारी, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर रुख बदल लिया है। सोमवार से प्रदेशभर में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। राजधानी देहरादून समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है।

केदारनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फ की परत जम गई है। इसके साथ ही यमुनोत्री धाम और यमुना घाटी में भी मौसम का मिजाज बदला रहा — ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जबकि निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी देखने को मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के आठ जिलों – देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार में आज तेज बारिश और ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

वहीं, राज्य के अन्य पांच जिलों में बारिश और तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी आठ अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि निम्न दबाव क्षेत्र बनने के कारण आगामी दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। विशेष रूप से छह और सात अक्तूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम बेहद खराब रह सकता है।

स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों और चारधाम तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

 #UttarakhandWeatherUpdate, #RainAndSnowfallAlert, #OrangeAlertInUttarakhand,#KedarnathSnowfall,#DehradunRain, #WeatherAlert2025


Spread the love