नगर निगम की सख्त कार्रवाई: बाजार क्षेत्र में चला अतिक्रमण विरोधी अभियान, फुटपाथ से हटाए गए अवैध ठेले और सामान

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की टीम ने आज प्रशासन के सहयोग से शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के तहत पटेल चौक, मीरा मार्ग, बर्तन बाजार, सदर बाजार और कालाढूंगी चौराहे पर फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
टीम ने फुटपाथों पर अवैध रूप से रखे गए सामान और ठेले जप्त किए। इसके साथ ही उन व्यापारियों पर ₹25,000 का चालान किया गया, जिन्होंने अपनी दुकानों के आगे अतिरिक्त दुकानें या स्टॉल लगवा रखे थे। निगम अधिकारियों ने कहा कि फुटपाथ आमजन की आवाजाही के लिए हैं, इन्हें किसी भी तरह से बाधित नहीं किया जा सकता।
अभियान के दौरान यह भी देखा गया कि कई ठेले वालों के पास नगर निगम का वेंडिंग कार्ड नहीं था। ऐसे सभी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई और उन्हें भविष्य में आवश्यक अनुमति लिए बिना दुकान या ठेला न लगाने की सख्त चेतावनी दी गई।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण और अवैध ठेलों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। निगम की ओर से बाजार क्षेत्र में लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कर व्यापारियों और ठेले वालों को पूर्व सूचना भी दी जा रही है ताकि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं।
इस अभियान में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान तथा उप जिलाधिकारी राहुल शाह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुगम और सुव्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, और इसके लिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
#HaldwaniEncroachmentDrive
#NagarNigamAction
#NoEncroachmentZone
#CleanAndSafeCity
