Spread the love

पड़ोसी विवाद में बिगड़ी बात, लालकुआं में युवती पर ईंट फेंकी – वायरल हुआ वीडियो

लालकुआं। नगर के संजय नगर हाथीखाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई कहासुनी देखते-देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। इस घटना में दो युवतियां और उनकी मां घायल हो गईं। घायलों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं में कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद इस्माइल की पुत्री इल्मा का किसी बात को लेकर पड़ोसी दिलशाद की बेटियों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि मामूली बहस के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक पक्ष की ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे।

पथराव में सानिया (18 वर्ष) के सिर में चोट लग गई, जबकि उसकी मां नाजो भी घायल हो गईं। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम (112) ने स्थिति को शांत कराया और घायलों को अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार, हसीन जहाँ पत्नी दिलशाद, उनकी पुत्रियाँ माही खान और अलीना खान पर पथराव करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, दोनों पक्षों ने कोतवाली लालकुआं में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल सामान्य है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।


Spread the love