Spread the love

दीपावली से पहले नकली मावा और मिलावटी दूध पर सख्ती — कालाढूंगी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच, चार से लिए गए मावा और दूध के सैंपल; विभाग ने दी चेतावनी — मिलावटखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी

हल्द्वानी। दीपावली पर्व के नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। त्योहारों में मिलावटखोरी की रोकथाम के लिए विभाग ने विशेष अभियान चलाया है। इसी क्रम में गुरुवार को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में कालाढूंगी के नयागांव टी-पॉइंट पर संयुक्त टीम ने दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान चार वाहनों से लगभग दो क्विंटल खोया (मावा) और 200 लीटर से अधिक दूध बरामद किया गया। संदिग्ध गुणवत्ता को देखते हुए अधिकारियों ने तीन मावे और एक दूध के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “त्योहारों में मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति या व्यापारी इस तरह की गतिविधि में लिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्य कारोबार संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही विक्रय करें, बिना बिल के खरीदारी न करें और अपने स्टॉक का पूरा विवरण दर्ज रखें।

विभाग की ओर से बताया गया कि जिले में संयुक्त टीमें गठित की गई हैं जो प्रतिदिन जांच और कार्रवाई कर रही हैं, जिसकी रिपोर्ट शासन को नियमित रूप से भेजी जा रही है।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंद किशोर (हल्द्वानी) तथा पुलिस विभाग के कर्मी भी मौजूद रहे।


Spread the love