Spread the love

पंतनगर विश्वविद्यालय में सीएम धामी ने किया किसान मेले का उद्घाटन

कहा – आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को बनाएं लाभकारी, किसानों के लिए शुरू हुई नई योजनाएं

पंतनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर में आयोजित 118वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नवीन दलहनी फसलों की प्रजातियों का लोकार्पण और ‘पंतनगर प्रवाह’ नामक पुस्तक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर आयोजित रजत जयंती राज्य स्थापना गोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष के किसान मेले और कृषि उद्योग प्रदर्शनी में 400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से 200 से अधिक स्टॉल देश के विभिन्न राज्यों से आए कृषि उद्यमियों, उद्योगों और स्टार्टअप्स के हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से किसानों को एक ही स्थान पर नवीनतम कृषि तकनीक, उन्नत बीज, आधुनिक यंत्रों और वैज्ञानिक शोधों की जानकारी प्राप्त होती है, जिससे वे खेती में नए प्रयोग कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि पंतनगर मेले में प्रदर्शित की जा रही आधुनिक तकनीक और नवाचारों से किसान पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर खेती को अधिक उत्पादक, टिकाऊ और लाभकारी बना सकेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अन्नदाताओं को सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयासरत है। हाल ही में पीएम मोदी द्वारा 24 हजार करोड़ रुपये की “पीएम धन धान्य कृषि योजना” और 11 हजार 500 करोड़ रुपये की “दलहन उत्पादकता मिशन” जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं की शुरुआत की गई है, जो किसानों की आय बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होंगी।

सीएम धामी ने पंतनगर विश्वविद्यालय को कृषि क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई दी और कहा कि उत्तराखंड के किसान प्रदेश के विकास के सच्चे वाहक हैं। राज्य सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हर संभव कदम उठा रही है।


Spread the love