तल्लीताल में महिला पर चाकू से हमला, हाथ में गहरा घाव – अस्पताल में भर्ती
नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र के हरिनगर बूचड़खाने के पास रविवार देर शाम आपसी विवाद के दौरान एक महिला पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में महिला के हाथ में गंभीर चोट आई है। फिलहाल उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हरिनगर बूचड़खाने के समीप रहने वाली शबाना का अपने पड़ोसियों सोनू और यामीन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने शबाना पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान शबाना के दाहिने हाथ की हथेली में लगभग चार से पांच इंच लंबा गहरा कट लग गया।
पड़ोसी नासिर ने बताया कि मामूली विवाद के बाद शबाना बीच-बचाव करने पहुंची थी, लेकिन उसी दौरान दोनों युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। आस-पास मौजूद लोगों और परिजनों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल शबाना को स्थानीय बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सक डॉ. सुनील परिहार ने बताया कि शबाना के दाहिने हाथ में गहरा घाव था, जिस पर टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है और उसे सोमवार को दोबारा चेकअप के लिए बुलाया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
