Spread the love

आंचल दुग्ध संघ ने वितरित किए 21 दुग्ध समितियों को ₹18.53 लाख बोनस और ₹1.72 लाख सहायता राशि

दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संघ का सराहनीय कदम, उत्कृष्ट उत्पादकों को किया गया सम्मानित

लालकुआं (नैनीताल)। आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में हैड़ाखान और जमरानी दुग्ध उत्पादक क्षेत्रों की 15 समितियों के सामूहिक बोनस वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण दुग्ध समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ पारंपरिक रीति से हुआ, जहां दुग्ध उत्पादकों ने अध्यक्ष मुकेश बोरा का शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर संघ की ओर से हैड़ाखान क्षेत्र की 15 समितियों को कुल ₹9,53,396 का बोनस और आर्थिक रूप से प्रभावित उत्पादकों को ₹1,20,000 की सहायता राशि वितरित की गई।
वहीं, रामनगर क्षेत्र की 6 दुग्ध समितियों को ₹8,99,692 का बोनस एवं ₹52,000 की सहायता राशि प्रदान की गई।
इस प्रकार कुल 21 दुग्ध समितियों को ₹18,53,088 बोनस और ₹1,72,000 की सहायता राशि वितरित की गई।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल आंचल दुग्ध संघ अपने उत्पादकों के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा,

“दुग्ध उत्पादक हमारे संगठन की रीढ़ हैं। यदि किसी उत्पादक को पशुधन हानि या आकस्मिक परिस्थिति का सामना करना पड़ता है, तो संघ तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करता है। हमारा उद्देश्य हर उत्पादक को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है।”

उन्होंने यह भी कहा कि संघ समय-समय पर बोनस, प्रोत्साहन राशि और राहत सहायता के माध्यम से उत्पादकों को प्रोत्साहित करता रहेगा। आने वाले समय में दुग्ध उत्पादकों की भलाई के लिए नई योजनाएँ लागू की जाएँगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. हरीश सिंह बिष्ट और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य कमलेश भट्ट की उपस्थिति में अध्यक्ष बोरा ने बोनस और सहायता राशि के चेक वितरित किए। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्र प्रभारी अरुण चंद्र मिश्रा एवं मार्ग प्रभारी मुन्नी आर्या ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य कृष्ण कुमार शर्मा, पी एंड आई सुभाष बाबू, अवशीतन केंद्र प्रभारी शांति कोरंगा, मार्ग प्रभारी नीमा साह, सह प्रभारी मोहन चंद जोशी, ग्राम प्रधान राजेश सुयाल, पंकज मेहरा, डी.के. शर्मा, मंजू मेहरा, रेखा पांडे, नारायण सिंह मेहरा, संगीता टम्टा, ललिता रावत, कमला मेहता, उमेश यादव, नंदन गिरी गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।


Spread the love