Spread the love

रामनगर: अलग-अलग स्थानों पर दो अज्ञात शव मिलने से हड़कंप, पुलिस ने शुरू की शिनाख्त की कोशिशें

रामनगर। शहर में एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात व्यक्तियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

पहली घटना कोतवाली क्षेत्र के रानीखेत रोड की है, जहां देर रात एक व्यक्ति सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया है और उसकी पहचान के प्रयास जारी हैं।

दूसरी घटना ग्राम पूछड़ी क्षेत्र की है, जहां गौशाला के पास स्थित एक बगीचे में एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मृतक पिछले डेढ़ साल से क्षेत्र में घूमकर भीख मांगता था और अक्सर आसपास के इलाकों में नजर आता था। उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है।

दोनों ही शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। फिलहाल दोनों मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं, और नियमानुसार 72 घंटे तक पहचान न होने पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनाओं की प्राथमिक जांच की जा रही है, और शवों की पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।


Spread the love