हिम्मतपुर डोटियाल और टेड़ा गांव में बैठकहिम्मतपुर डोटियाल और टेड़ा गांव में बैठक
Spread the love

राज्य स्थापना दिवस पर जन सम्मेलन की तैयारी तेज, समाजवादी लोक मंच का जनसंपर्क अभियान जारी

रामनगर। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले जन सम्मेलन को सफल बनाने के लिए समाजवादी लोक मंच द्वारा जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में आज ग्राम हिम्मतपुर डोटियाल और टेड़ा गांव में बैठकों का आयोजन किया गया।

बैठक में मंच के संयोजक मुनीष कुमार ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की स्थापना के लिए 42 लोगों ने अपनी शहादत दी थी, लेकिन आज राज्य के हालात देखकर लगता है कि उन सपनों को सत्ता में बैठे दलों ने बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार राज्य की सिल्वर जुबली के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर जनता के ज़ख्मों पर नमक छिड़क रही है।”

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी है, लोगों को इलाज नहीं मिल पा रहा, और अनियंत्रित सड़क, पर्यटन व जलविद्युत परियोजनाओं ने पहाड़ और पर्यावरण को तबाह कर दिया है। उन्होंने युवाओं की बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए कहा कि “नौजवानों को नौकरी की जगह लाठी-डंडे दिए जा रहे हैं।”

मंच के संयोजक ने आरोप लगाया कि जनता को खुशहाल जीवन देने में नाकाम भाजपा सरकार “लव जेहाद” और “लैंड जेहाद” जैसे झूठे मुद्दों के जरिए समाज में सांप्रदायिक बंटवारा कर रही है। उन्होंने जनता से एकजुट होकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, जंगली जानवरों से सुरक्षा और वनाधिकार कानून 2006 लागू करने जैसे मुद्दों पर संघर्ष तेज करने की अपील की।

सरस्वती जोशी ने बताया कि 9 नवंबर को आयोजित जन सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अब तक एक दर्जन से अधिक बैठकों का आयोजन किया जा चुका है। साथ ही पर्चा और पोस्टर जारी कर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

गिरीश चंद्र ने क्षेत्र की जनता से 9 नवंबर को सुबह 11 बजे पायते वाली रामलीला मैदान, रामनगर में पहुंचने की अपील की है।

कार्यक्रम में उपपा नेता पी.सी. तिवारी, गांधीवादी नेता इस्लाम हुसैन, वन पंचायत संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष तरुण जोशी, जनकवि बल्ली सिंह चीमा और किसान नेता अवतार सिंह समेत कई प्रमुख लोग शामिल होंगे।

जनसंपर्क अभियान में ललिता रावत, माया रावत, रेखा जोशी, किशन शर्मा, कौशल्या, ललित उप्रेती, भगवती, कविता नेगी, गंगा, विमला और शांति आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।


Spread the love