एसडीएम प्रियंका रानी ने केंद्रीय विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की, निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण
संवाददाता सीमा खेतवाल

कांडा। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रियंका रानी ने मंगलवार को केंद्रीय विद्यालय में आयोजित विद्यालय प्रबंध समिति एवं भवन निर्माण मॉनिटरिंग समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, व्यवस्थाओं और अवसंरचना का विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान एसडीएम ने छात्रों से सीधे संवाद कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की और विद्यालय प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद एसडीएम ने कांडा रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीपीडब्ल्यूडी को शेष निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं कार्यदायी संस्था ने आश्वासन दिया कि फरवरी माह तक भवन का निर्माण पूर्ण कर लिया जाएगा, ताकि नया शैक्षणिक सत्र नए भवन में प्रारंभ हो सके।

एसडीएम ने विद्यालय को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की समस्या पर गंभीर संज्ञान लिया और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही कर मार्ग को सुगम बनाने के निर्देश दिए, ताकि छात्रों और स्टाफ को आवाजाही में कोई कठिनाई न हो।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य चंद्रशेखर तिवारी, सहायक अभियंता मुकेश कुमार तथा समिति के सदस्य एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
