उपपा ने स्व. दिवाकर भट्ट के निधन पर व्यक्त की शोक संवेदना
अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) ने उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के पूर्व अध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व काबीना मंत्री दिवाकर भट्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। स्व. भट्ट ने मंगलवार को बीएचईएल, हरिद्वार स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
उपपा अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड के हितों के लिए हमेशा मुखर रहने वाले दिवाकर भट्ट के जाने से पहाड़ के सरोकारों के लिए समर्पित एक संघर्षशील नेता का नुकसान हुआ है।
उक्रांद के 1979 में गठन के समय से ही दिवाकर भट्ट पार्टी से जुड़े रहे और राज्य आंदोलन में उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने टिहरी के खैट पर्वत और श्रीनगर के श्रीयंत्र टापू में आमरण अनशन कर आंदोलन को मजबूत स्वर दिया था।
स्व. भट्ट ने अपनी राजनीतिक यात्रा कीर्तिनगर के ब्लॉक प्रमुख के रूप में शुरू की। वर्ष 2007 में वे देवप्रयाग सीट से विधायक चुने गए और बी.सी. खंडूरी सरकार में राजस्व मंत्री रहे।
तिवारी ने कहा कि दिवाकर भट्ट पहाड़ के दर्द को समझते थे और हमेशा उसके लिए समर्पित रहे। उनके योगदान को देखते हुए जनता ने उन्हें फील्ड मार्शल का सम्मानजनक नाम दिया था। वर्तमान दौर में प्रदेश को ऐसे संघर्षशील व्यक्तित्व की अत्यंत आवश्यकता थी। उनका निधन संघर्षशील ताकतों के लिए भी एक बड़ी क्षति है।
उपपा अध्यक्ष ने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
