पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक इंटर कॉलेज बागेश्वर में द्विदिवसीय जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिताओं का भव्य समापन
संवाददाता सीमा खेतवाल

बागेश्वर। पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में आयोजित द्विदिवसीय जनपद स्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिताओं का रंगारंग समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड संस्कृत अकादमी द्वारा संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से किया गया था।
समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल तथा अति विशिष्ट अतिथि वृक्ष मित्र किशन सिंह मलडा ने संयुक्त रूप से विजेता छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि संस्कृत हमारी प्राचीनतम तथा वैज्ञानिक भाषा है, जिसे सभी भाषाओं की जननी माना जाता है। उन्होंने बताया कि कंप्यूटर भाषा के लिए भी संस्कृत को सबसे उपयुक्त माना गया है और उत्तराखंड सरकार संस्कृत के प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है।
वृक्ष मित्र किशन सिंह मलडा ने कहा कि संस्कृत के बिना जीवन शून्य है, यह वेद-उपनिषदों और संस्कारों की भाषा है। उन्होंने सभी से संस्कृत निष्ठ एवं संस्कृत युक्त बनने का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं में संस्कृत नाटक, नृत्य, समूह गान, श्लोक उच्चारण, आशु भाषण और वाद-विवाद जैसी विविध श्रेणियाँ शामिल थीं। कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वरिष्ठ वर्ग के परिणाम
-
नाटक प्रतियोगिता: राजीव गांधी नवोदय विद्यालय बहुली — प्रथम
-
नृत्य प्रतियोगिता: राजीव गांधी नवोदय विद्यालय बहुली — प्रथम
-
वाद-विवाद प्रतियोगिता: रि.इं.कॉ. सोंग के मोहित देवलिता और नेहा जोशी — प्रथम
-
आशु भाषण: रि.इं.कॉ. गरुड़ के अभिनव कंडपाल — प्रथम
-
श्लोक उच्चारण: रि.इं.कॉ. बज्जूला की कशक जहाँ — प्रथम
कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त 64 प्रतिभागी आगामी 3 और 4 दिसंबर को हरिद्वार में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक संयोजक लेफ्टिनेंट मोहन चंद्र जोशी ने किया। समापन अवसर पर जनपद संयोजक दीपचंद्र जोशी ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पंकज प्रसाद भट्ट, डॉ. चंद्रशेखर भट्ट, अनीता आर्य, डॉ. दीपा जोशी, कमला गोस्वामी, ममता जोशी, गणेश कुमार, राजेश आगरी, राकेश कुमार, डॉ. विवेक कुमार, हरीश दफोती, जगदीश नारायण, ममता रावल, डॉ. स्वाति, रेखा भारती सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
