राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बागेश्वर में बाल शोध मेला, व्यवहारिक ज्ञान को मिला बढ़ावा
संवाददाता सीमा खेतवाल

बागेश्वर। राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बागेश्वर में शनिवार को बाल शोध मेला धूमधाम से आयोजित किया गया। मेले में विभिन्न विद्यालयों के कुल 110 बच्चों ने अपने मॉडल, चार्ट और शोध आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
बाल शोध मेले में राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बागेश्वर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बागेश्वर द्वितीय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पालनीकोट तथा उर्दू मंडी के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडल और चार्ट उनके व्यवहारिक ज्ञान को बढ़ाने में अत्यंत सहायक हैं। जिस आत्मविश्वास के साथ बच्चों ने अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए, उससे स्पष्ट होता है कि विद्यालय में शिक्षक बच्चों को समर्पित भाव से तैयार कर रहे हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय आर्य ने कहा कि बाल शोध मेले से बच्चों में खोज करने की प्रवृत्ति का विकास होता है। बच्चे किताबों में लिखे ज्ञान को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करने में सक्षम होते हैं और विद्यालय की गतिविधियों में अभिभावकों की सहभागिता भी बढ़ती है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बलवंत सिंह कालाकोटी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यालय में शिक्षण कार्य संचालित किया जा रहा है। बाल शोध मेला इसी का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जो बच्चों में रचनात्मकता और शोध की भावना को बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम में विजय मटियानी (वार्ड मेंबर, सैम मंदिर वार्ड), नीमा जोशी (वार्ड मेंबर, ज्वाला देवी वार्ड), लक्ष्मण मेहता, केदार सिंह मेहता, रेनू जोशी, अजय तिवारी, दीप्ति राठौर, गीता पाठक, पल्लवी सैनी, पूजा मिश्रा, भावना फर्स्वाण, भावना नेगी सहित कई अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
