गोवा में भीषण आग की घटना में अल्मोड़ा के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, मल्ला बाड़ी गांव में मातम

गोवा में छुट्टियां मनाने गए अल्मोड़ा जनपद के एक परिवार पर भारी दुर्घटना का पहाड़ टूट पड़ा। एक भीषण अग्निकांड में मल्ला बाड़ी गांव के एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में मातम पसर गया।
सूत्रों के अनुसार, मूल रूप से बगवालीपोखर क्षेत्र के मल्ला बाड़ी गांव निवासी विनोद कबड़वाल, उनकी भाभी कमला कबड़वाल, तथा रिश्ते में सालियां लगने वाली अनीता जोशी और सरोज जोशी छुट्टियां मनाने गोवा गए थे। देर रात अचानक हुए भीषण अग्निकांड में चारों की झुलसकर मौत हो गई।
दुर्घटना के समय परिवार की एक महिला और भी मौजूद थी, जो किसी तरह घटनास्थल से बाहर निकलने में सफल रही। हालांकि वह पूरी तरह से सदमे में है और बोलने की स्थिति में नहीं बताई जा रही।
एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पिंचा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक चारों लोग अल्मोड़ा जनपद के निवासी थे। स्थानीय प्रशासन लगातार गोवा पुलिस के संपर्क में है और हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
मल्ला बाड़ी गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक और स्तब्धता का माहौल है। मृतकों के परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मचा हुआ है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक खबर से व्यथित हैं और पूरे परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घरों पर उमड़ रहे हैं।
